तमिलनाडु में दो राजनीतिक दलों के कुल 14 कार्यकर्ताओं को शनिवार को दो क्षेत्रों में मतदाताओं के बीच कथित तौर पर नकदी बांटने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कोयंबटूर दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र में 12 भाजपा कार्यकर्ताओं को पैसे बांटते हुए पकड़ा।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार कार्यकर्ताओं के पास से 46,000 रुपये नकद और छह दोपहिया वाहन जब्त किए गए। एक अन्य घटना में अन्नाद्रमुक के दो कार्यकर्ताओं को कोयंबटूर उत्तर निर्वाचन क्षेत्र में पैसे बांटते पकड़ा गया। पुलिस ने कहा कि अन्नाद्रमुक के कार्यकर्ताओं से कुल 24,500 रुपये नकद जब्त किए गए।
दूसरी तरफ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कथित ‘भ्रष्टाचार और वंशवाद की राजनीति’ के लिए द्रमुक-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन ही तमिलनाडु की संस्कृति में विश्वास करने वाले लोगों की ‘रक्षा’ कर सकता है।
राज्य के सर्वांगीण विकास के वादे के साथ राजग उम्मीदवारों के लिए वोट की अपील करते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी बहुत साधारण पृष्ठभूमि से आए हैं जबकि द्रमुक और कांग्रेस के नेता ‘‘वंशवाद’’ की राजनीति से आए हैं।
शाह ने चेन्नई में कहा, ‘‘सिर्फ अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन ही तमिलनाडु के मछुआरों, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं और राज्य की संस्कृति में विश्वास करने वालों की रक्षा कर सकता है।’’ तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक चरण में छह अप्रैल को मतदान होना है। मतगणना दो मई को होगी।


Download Android App
Download iOS App



