तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले बाहर से पदाधिकारियों को ला रही है क्योंकि उसके केन्द्रीय नेतृत्व को स्थानीय नेताओं पर भरोसा नहीं है।
टीएमसी सांसद काकाली घोष दस्तीदार ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने झूठ तैयार करने की फैक्टरी खोल रखी है, जिन्हें उसकी दुष्प्रचार मशीनरी के जरिये फैलाया जाता है। बारासात लोकसभा क्षेत्र से सांसद दस्तीदार ने कहा, ”भाजपा का केन्द्रीय नेतृत्व दूसरे राज्यों से पदाधिकारियों को ला रहा है क्योंकि स्थानीय नेतृत्व पर उसे भरोसा नहीं है।”
भाजपा ने अप्रैल-मई 2021 में होने वाले चुनाव के मद्देनजर राज्य को पांच संगठनात्मक क्षेत्रों में विभाजित करके केन्द्रीय नेताओं को इनका प्रभारी नियुक्त किया है। टीएमसी की वरिष्ठ नेता दस्तीदार ने कहा, ”बंगाल में भाजपा के पास कोई नेता नहीं है जबकि राज्य ने देश की सबसे बेहतरीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दी हैं।
उनका कोई मुकाबला नहीं है।” उन्होंने कहा कि भाजपा के पास झूठ तैयार करने की फैक्टरी है और इन झूठों को उसकी दुष्प्रचार मशीनरी के जरिये फैलाया जाता है। हालांकि उन्होंने इसका कोई विशिष्ट उदाहरण नहीं दिया।


Download Android App
Download iOS App



