ड्रग मामले में गिरफ्तार बीजेपी नेता राकेश सिंह के एक सहयोगी को इस मामले में उनकी कथित संलिप्तता को लेकर शहर के न्यू टाउन इलाके से गिरफ्तार किया गया। यह मामला पार्टी की एक अन्य नेता पामेला गोस्वामी की कार से कोकीन की बरामदगी से संबंधित है, जिसको लेकर उन्हें पहले ही गिरफ्तार किया गया था।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा कि शहर के न्यू अलीपुर इलाके में रहने वाला 42 वर्षीय आरोपी, राकेश सिंह का करीबी सहयोगी है और ड्रग तस्करी के मामले में उसकी अहम भूमिका है। अधिकारी ने कहा, “व्यक्ति पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेज (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।”
अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति को शनिवार रात को गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले के सिलसिले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पिछले महीने, भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) की प्रदेश सचिव पामेला गोस्वामी और उनके दो दोस्तों को उनकी कार से 90 ग्राम कोकीन जब्त किए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया था। वे लोग कार से न्यू अलीपुर क्षेत्र में यात्रा कर रहे थे। मामले में राकेश सिंह के एक और करीबी सहयोगी को पिछले हफ्ते शहर के बंदरगाह क्षेत्र में ऑर्फनगंज रोड से गिरफ्तार किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



