भोपाल (मनीष शर्मा) : मध्य प्रदेश भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को पैगासस जासूसी मामले में आईना दिखाने का काम किया। देशभर में पैगासस जासूसी मामला गर्माया हुआ है। कमलनाथ के खुलासे के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी पलटवार किया है। शर्मा ने कहा कि कमलनाथ ने पेगासस सॉफ्टवेयर की जानकारी जिस विस्तार से दी, उससे लगता है कि यूपीए सरकार ने विपक्ष और देशवासियों की जासूसी के लिए यही सॉफ्टवेयर इस्तेमाल किया था।
मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा यह बात प्रदेश भाजपा कार्यालय मैं मीडिया से चर्चा करते हुए कही। वीडी शर्मा ने पेगासस मामले में कहा कि जिस तरह से कमलनाथ ने आज की प्रेस कांफ्रेंस में विस्तार से पेगासस सॉफ्टवेयर की जानकारी दी है, लगता है यूपीए सरकार ने विपक्ष और देशवासियों की जासूसी के लिए यही सॉफ्टवेयर उपयोग किया था।पैगासस जासूसी की कहानी संसद के कार्य एवं देश के विकास में अवरोध पैदा करने की रणनीति का हिस्सा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता देश के खिलाफ हैं और कंद्र सरकार को बदनाम करने के लिए काम कर रहे हैं। कमलनाथ झूठ बोलने से दुनिया नहीं चलती, हिम्मत है तो मैदान में आओ। समाज को गुमराह करके, झूठ बोलकर मीडिया में बने रहना, यही आपका धंधा है। कमलनाथ से जनता 1984 के दंगों पर जवाब मांगती है। यह भाजपा नहीं कहती, बल्कि यह दंगों की जांच के लिए बनाए गए कमीशन की रिपोर्ट इशारा करती है कि आप इन दंगों में किस प्रकार शामिल थे। शर्मा ने कहा कि कमलनाथ कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी को नंगा कर दूंगा, तो कहां है वह लिस्ट और कहां है पेनड्राइव?
शर्मा ने कहा कि जब कमलनाथ कॉमर्स मिनिस्टर थे तो चीन से उन्होंने क्या डील की थी? भारतीय जनता पार्टी ने कमलनाथ से इस पर जवाब भी मांगा था। झूठ और भ्रम फैलाने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि समाज झूठ बोलने से नहीं, बल्कि नीतिगत सिद्धांतों से चलेगा।
श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व विदेशी फंडिंग के माध्यम से मिशनरीज और अन्य संस्थाओं को सशक्त बनाते हुए लगातार इस प्रयास में लगा रहता है। देश को कैसे आघात पहुंचा सकते हैं, देश को कैसे बदनाम कर सकते हैं और भारतीय संस्कृति पर कैसे प्रहार कर सकते हैं।
गौरतलब है कि पैगासस जासूसी मामले में जिस तरह कांग्रेस आक्रामक है भाजपा बचाव करने की मुद्रा में नहीं बल्कि कांग्रेस को इस मामले में घेरने की तैयारी कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



