पश्चिम बंगाल उपचुनाव में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लागू करने का दांव सफल ना होने के बाद अब भगवा पार्टी ने कार्यशालाओं का आयोजन कर अपने कार्यकर्ताओं को नागरिक (संशोधन) विधेयक (कैब) के नियमों के बारे जागरूक करने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि हाल ही में खड़गपुर सदर, करीमपुर और कालियागंज विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में पार्टी कहीं भी जीत दर्ज नहीं कर पाई थी। इन तीनों सीटों पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। लोकसभा चुनाव के बाद राज्य में हुए यह पहले चुनाव थे। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “उपचुनाव के नतीजों का आकलन करते हुए हमने पाया कि कार्यकर्ताओं को कैब के नियमों की जानकारी नहीं थी इसलिए वे संदेश पहुंचाने में असफल रहे।”
उन्होंने कहा, “इसलिए, कार्यकर्ताओं को विधयेक को लेकर जागरूक करने के लिए बूथ स्तर पर पार्टी कक्षाएं, कार्यशालाएं और सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। तृणमूल के एनआरसी के गलत प्रचार का जवाब हम कैब के सकारात्मक प्रचार से देंगे।” भाजपा सूत्रों ने बताया कि यह विधेयक अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश के अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों को भारतीय नागरिकता प्रदान करने का प्रयास करता है, जो वहां धार्मिक उत्पीड़न से बचने के लिए यहां भाग आए। संसद के चालू शीतकालीन सत्र के दौरान इसे पेश किए जाने की संभावना है।
विधानसभा उपचुनावों में जीत का जश्न मनाने के लिए ‘थैंक्सगिविंग’ रैलियां निकालेंगी ममता बनर्जी
भाजपा नेता ने कहा, “विधेयक के पारित होते ही, हम कैब पर राज्य स्तरीय अभियान चलाएंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता इन पार्टी कक्षाओं, सेमिनार और कार्यशालाओं को संबोधित करेंगे। सीमावर्ती इलाकों में कानून पर पर्ची और पुस्तिकाएं भी बांटी जाएंगी।”


Download Android App
Download iOS App



