देहरादून : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दावा किया है कि इस लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड में भाजपा का मत प्रतिशत बीते चुनावों से अधिक होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में बड़े विकास कार्यो के साथ ही यहां के निवासियों को अहम पद पर बिठाया है। इससे पूरे देश में उत्तराखंड वासियों का मान बढ़ा है। यही कारण है कि प्रवासी उत्तराखंडी, चाहे वे किसी भी संगठन से जुड़े हों, उन्होंने भाजपा के पक्ष में वोट दिया है।
सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के प्रति जो अपनत्व का भाव प्रदर्शित किया है, उसे लोगों ने समझा है। यही कारण है कि उन्होंने भाजपा को अपना पूरा समर्थन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे अरसे बाद संभवतया यह पहला चुनाव है, जब महंगाई चुनावी मुद्दा नहीं बनी। यह इसलिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम किया है।
चाहे वह आवास योजना हो, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान येाजना हो अथवा किसान सम्मान निधि योजना, सबको धरातल पर उतार का मजबूत शुरुआत दी गई है। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत निर्माण की दिशा में कदम उठाते हुए मजबूती से काम किया जा रहा है। विश्वपटल पर भी भारत के स्वाभिमान व सम्मान को मजबूत किया है। जनता भाजपा को पूर्ण बहुमत देगी और इस बार भाजपा 300 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
– सुनील तलवाड़


Download Android App
Download iOS App



