मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 30 अप्रैल से शुरु होने वाली अपनी हाई स्कूल (10 वीं) और हायर सेकंडरी स्कूल (12वीं) की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। शिक्षा मंडल के एक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि 30 अप्रैल और एक मई से शुरु होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को एक महीने के लिए टाल दिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि ये परीक्षाएं अब जून के पहले सप्ताह से आयोजित की जा सकती है तथा शिक्षा मंडल इस संबंध में संशोधित नया कार्यक्रम जारी करेगा। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार मध्यप्रदेश में मंगलवार को अब तक एक दिन में सबसे अधिक 8,998 नए मामले दर्ज किये गये।
इसके साथ ही प्रदेश में अब तक इस महामारी के मरीजों की संख्या बढ़कर 3,53,632 तक पहुंच गई है। मध्यप्रदेश में इस महामारी से अब तक 4,261 लोगों अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें से 40 लोगों की मौत पिछले 24 घंटों में हुई है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में मध्यप्रदेश में अप्रैल माह में अब तक 58,121 मामले दर्ज किये गये हैं जबकि इस अवधि में 275 लोग दम तोड़ चुके हैं।
वहीं देश में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में अब तक के सर्वाधिक 1,84,372 नये मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बुधवार के आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण के कुल मामले 1,38,73,825 हो गए हैं जबकि 13 लाख से अधिक लोग अब भी संक्रमण की चपेट में हैं। मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 1,027 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या 1,72,085 हो गई है जो 18 अक्टूबर, 2020 के बाद सबसे ज्यादा है।


Download Android App
Download iOS App



