बंगाल में पेड़ से लटका पाया गया BJP कार्यकर्ता का शव, पार्टी ने TMC पर लगाया हत्या का आरोप

Summary :

बीजेपी ने आरोप लगाया है कि उसके कार्यकर्ता की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने हत्या की है क्योंकि उसने राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल होने से इनकार कर दिया था।

पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले में बीजेपी कार्यकर्ता का शव एक पेड़ से लटका पाया गया। कार्यकर्ता की पहचान 44 वर्षीय पूर्णचंद्र दास के रूप में हुई है। दास नगरपालिका इलाके रामनगर 2 के वॉर्ड नंबर 41 के पार्टी बूथ अध्यक्ष थे। बीजेपी ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर कार्यकर्ता की हत्या का आरोप लगाया है।
बीजेपी ने आरोप लगाया है कि उसके कार्यकर्ता की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने हत्या की है क्योंकि उसने राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल होने से इनकार कर दिया था। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि यह पूरी तरह से बेबुनियाद तथा राजनीतिक रूप से प्रेरित आरोप हैं। पुलिस जांच में सच सामने आ जाएगा।
पुलिस ने बताया कि दक्षिण बंगाल के रामनगर इलाके में बीजेपी के बूथ प्रमुख पूर्णचंद्र दास का शव स्थानीय लोगों ने पेड़ से लटका पाया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वे मामले की जांच कर रहे हैं। इससे पहले हेमताबाद से बीजेपी विधायक देबेंद्र नाथ रॉय का शव रस्सी से लटका हुआ मिला था। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई थी।

Desk Team