मयिलादुथुराई जिले में पोरायर में एक बस में शुक्रवार सुबह आग लग गई हालांकि बस में सवार करीब 30 यात्री इस हादसे में बाल-बाल बचे। पुडुचेरी सड़क परिवहन निगम (पीआरटीसी) की बस मयिलादुथुराई से 30 यात्रियों के साथ कराईकल जा रही थी जब यह घटना हुई। पुलिस ने बताया कि आग लगने से कुछ मिनटों पहले ही बस पोरयार बस अड्डे से निकली थी।
बस चालक ने अचानक से इंजन से धुएं का मोटा गुबार उठता देखा और बस सड़क के किनारे रोक दी। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य तुरंत बस से उतर गए। पोरयार अग्निशामक केंद्र से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाई गई। बस के आगे का पूरा हिस्सा आग में जलकर खाक हो गया। पुलिस ने बताया कि घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ।
गाड़ियों में आग लग जाने की घटना पहले भी कई बार हो चुकी है हाल ही में सेलम के पास कंदमपट्टी क्षेत्र में सड़क पर जा रही एक निजी बस में आग लग गई थी। बस अपने गतंव्य की ओर बढ़ी ही थी कि अचानक बस में आग लग गई। हालांकि राहत की बात ये है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं आई थी।


Download Android App
Download iOS App



