तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य कंवर दीप सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ निवेशकों से धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य सिंह और छह अन्य लोगों के खिलाफ लोगों को धन दोगुना करने और निवेश के एवज में जमीन और घर दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने के आरोप में शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि श्याम नगर निवासी पवन मिश्रा की तहरीर पर दर्ज इस मामले में सिंह की रियल एस्टेट कम्पनी के निदेशक सत्येन्द्र कुमार सिंह, सुचेता खेमका, जयप्रकाश सिंह, बृजमोहन महाजन, छत्रसाल सिंह और नन्द किशोर सिंह को भी आरोपी बनाया गया है।
औरंगाबाद में PM मोदी ने किया देश के पहले स्मार्ट औद्योगिक शहर का उद्घाटन
पाण्डेय के मुताबिक आरोप है कि राज्यसभा सांसद कंवर दीप सिंह तथा अन्य आरोपियों ने वर्ष 2010 में कानपुर के मॉल रोड इलाके में अलकेमिस्ट इंफ्रा रियलिटी और अलकेमिस्ट इंफ्रा टाउनशिप लिमिटेड के नाम से कम्पनियां खोली और लोगों को उनकी निवेशित रकम को कई गुना बढ़ाकर देने का लालच दिया। साथ ही उन्हें जमीन और फ्लैट देने का वादा भी किया। इसके बाद हजारों लोगों ने कम्पनी में निवेश किया।
उन्होंने बताया कि करीब एक साल पहले जब निवेशकों को वादे के मुताबिक धन लौटाने का वक्त आया तो कम्पनी के दफ्तरों में ताले लटका दिये गये। शिकायतकर्ता पवन मिश्रा के मुताबिक उसने राज्यसभा सदस्य की कम्पनी में लाखों रुपये लगा दिये और अपने रिश्तेदारों तथा दोस्तों की भी मोटी रकम का निवेश करा दिया। पाण्डेय के मुताबिक अब तक 100 से ज्यादा निवेशकों ने पुलिस को फोन करके अपने साथ ठगी होने की शिकायत की है। मामले की जांच शहर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीव चौहान को सौंपी गयी है।


Download Android App
Download iOS App



