ममता बनर्जी का आरोप, कहा-बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं केंद्रीय बल

Summary :

पश्चिम बंगाल में आज पांच लोकसभा क्षेत्रों के लिए मतदान हो रहा है और करीब 92 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है।

तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय बल बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं और मालदा दक्षिण और बेलूरघाट लोकसभा क्षेत्र में लोगों से इस पार्टी को वोट देने के लिए कह रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग को इससे अवगत करा दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे जानकारी मिली है कि मालदा दक्षिण के इंग्लिशबाजार में केंद्रीय बल बूथों के अंदर बैठे हैं और मतदाताओं से बीजेपी के लिए वोट डालने को कह रहे हैं। उन्हें ऐसा करने का अधिकार नहीं है। हमने इस बारे में अपनी आपत्तियों से चुनाव आयोग को अवगत करा दिया है।’’ बनर्जी ने कहा, ‘‘वे ऐसा क्यों कर रहे हैं? मतदान केंद्र पर पुलिस जा नहीं सकती।’’

Election commission

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान केंद्रीय बल एक राज्य में आ सकते हैं लेकिन उन्हें राज्य के बलों के सहयोग से काम करना चाहिए और चले जाना चाहिए। बीजेपी पर केंद्रीय बलों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘आप केंद्रीय बलों का इस्तेमाल नहीं कर सकते।

आपने पश्चिम बंगाल में 2016 के विधानसभा चुनावों में भी ऐसा किया था। मैं भूली नहीं हूं।’’ उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता बीजेपी को उचित सबक सिखाएगी। पश्चिम बंगाल में आज पांच लोकसभा क्षेत्रों के लिए मतदान हो रहा है और करीब 92 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है।

Desk Team