श्रीनगर : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के छात्रों ने संयुक्त छात्र परिषद के आह्वान पर आउटसोर्स कर्मियों की बहाली एवम अन्य मांगों को लेकर बिड़ला एवं चौरास परिसर में सेशनल, इंटरनल व प्रयोगात्मक परीक्षाओं का बहिष्कार किया। पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत संयुक्त छात्र परिसर से जुड़े छात्र नेता सुबह साढ़े सात बजे ही बिड़ला परिसर में डट गए थे। आठ बजे परीक्षा देने पहुंचे छात्रों से उन्होंने परीक्षा का बहिष्कार करने की अपील की।
सोमवार को परीक्षाओं का बहिष्कार कराने जमा हुए छात्र नेताओं की पुलिस से भी झड़प हुई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिड़ला परिसर छावनी में तब्दील था। बिड़ला परिसर में परीक्षाओं का बहिष्कार कराए जाने के बाद छात्र नेता हटाए गए आउटसोर्स सुरक्षा एवं सफाई कर्मियों के साथ जुलूस की शक्ल में प्रात: 10 बजे प्रशासनिक भवन में पहुंचे।
यहां उन्होंने कार्यालयों में बैठे कर्मियों से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की। छात्रों की अपील के बावजूद कर्मचारी समर्थन में नहीं उतरे। इसके उपरांत छात्र नेताओं ने चौरास परिसर में पहुंचकर छात्रों से परीक्षाओं का बहिष्कार करने की अपील कर परिसर को बंद कराया।


Download Android App
Download iOS App



