कर्नाटक के नवनियुक्त मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने गुरुवार को यानी आज कहा कि वह पहली बैठक में नई दिल्ली में नेताओं के साथ कैबिनेट विस्तार पर चर्चा नहीं करेंगे। बता दें कि भाजपा के वरिष्ठ नेता बसवराज बोम्मई को बुधवार को राजभवन के ग्लास हाउस में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कर्नाटक के 30वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई थी। बोम्मई ने आगे कहा, मैंने केंद्रीय नेताओं से मिलने का समय मांगा है और अगर ऐसा होता है तो मैं शुक्रवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाऊंगा।
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने कल मुझे शुभकामनाएं दीं। मैं पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और अन्य शीर्ष नेताओं के साथ उनसे मिलूंगा और अपना सम्मान व्यक्त करूंगा। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल के गठन के दौरान खींचतान और दबाव सामान्य है और पार्टी सही निर्णय लेगी। सूत्रों ने बताया कि कैबिनेट विस्तार को हरी झंडी देने से पहले आलाकमान को कुछ समय लगेगा क्योंकि बड़े विभागों को संभालने वाले वरिष्ठ नेताओं को हटाने की योजना बनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री बोम्मई गुरुवार को कारवार जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने वाले हैं। वह बेंगलुरु से हुबली पहुंचेंगे और वहां से बाढ़ प्रभावित जिले का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तरा कन्नड़ (कारवार) जिले में बारिश ने काफी तबाही मचाई है। बाढ़ के कारण तीन लोगों की मौत हो गई है। दौरे के बाद, मैं अधिकारियों के साथ बैठक करूंगा और राहत उपायों पर चर्चा करूंगा।


Download Android App
Download iOS App



