राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (आरआईएनएल) के निजीकरण के केंद्र सरकार के कदम की आलोचना के बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगनमोहन रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख उनसे इस फैसले पर पुन:विचार करने का अनुरोध किया है। गौरतलब है कि आरआईएनएल का विशाखापत्तनम में इस्पात संयंत्र है।
रेड्डी ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम की रक्षा की खातिर राज्य सरकार, इस्पात मंत्रालय के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। उन्होंने बताया कि यह उपक्रम 20,000 लोगों को सीधे तौर पर तथा कई लोगों को अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार देता है।
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में रेड्डी ने कहा, ‘‘प्रदेश की रत्न इस कंपनी की रक्षा के लिए आंध्र प्रदेश सरकार इस्पात मंत्रालय के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। इसलिए मैं अनुरोध करता हूं कि आप आरआईएनएल विशाखापत्तनम के विनिवेश की योजना पर पुन: विचार करें और संयंत्र को वापस पटरी पर लाने के लिए अवसरों को तलाशें।’’
आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने आरआईएनएल के निजीकरण का रास्ता हाल में साफ कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल द्वारा निजीकरण को मंजूरी देना राज्य के लोगों के बीच चर्चा और चिंता का विषय बन गया है।


Download Android App
Download iOS App



