प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ को उनके 73वें जन्मदिन पर सोमवार को बधाई दी और उनके दीर्घायु एवं सेहतमंद जीवन की कामना की। पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा, “मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मैं उनके दीर्घायु एवं सेहतमंद जीवन की कामना करता हूं।”

मेरे जन्मदिन पर बैनर-पोस्टर न लगाए : कमलनाथ
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं अन्य लोगों से अपील की है कि 18 नवंबर को उनके जन्मदिन के अवसर पर कहीं किसी प्रकार का बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स, फ्लेक्स आदि ना लगाया जाए। कमलनाथ ने रविवार को ट्वीट किया था, “18 नवम्बर को मेरे जन्मदिन पर कोई बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स, फ्लेक्स आदि ना लगायें। लोग, संस्थाएँ और कार्यकर्ता इस तरह के प्रचार से दूर रहें।”

जन्मदिन पर बाबा केदारनाथ के दर्शन करेंगे कमलनाथ
मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने बताया कि कमलनाथ अपने जन्मदिन पर बाबा केदारनाथ के दर्शन करेंगे और प्रदेशवासियों की समृद्धि तथा ख़ुशहाली की कामना करेंगे। बाबा केदारनाथ मंदिर के पट अभी बंद है और उनकी पालकी गुप्तकाशी में है, कमलनाथ वहीं दर्शन करेंगे।
इसी बीच, मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता भूपेन्द्र गुप्ता ने बताया कि कमलनाथ ने यह अपील जनहित में किया है ताकि उनके जन्मदिन पर होर्डिंग, पोस्टर या बैनर लगाकर सड़कों को खराब ना किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, कमलनाथ अनावश्यक खर्च के खिलाफ हैं। उनका मानना है कि पोस्टरों और होर्डिंग पर होने वाले अनावश्यक खर्च का उपयोग मानव सेवा और परोपकार के कार्यों में करना चाहिए।
ऐसे मनाया जायेगा कमलनाथ का जन्मदिन
गुप्ता ने बताया कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ का जन्मदिन सोमवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय स्थित सभाकक्ष में मनाया जायेगा। इस अवसर पर सभाकक्ष में रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया जायेगा। मालूम हो कि कमलनाथ ने हाल ही में प्रदेश की खूबसूरती बिगाड़ने और यातायात में बाधा बनते व दुर्घटनाओं को खुला न्योता देने वाले अवैध होर्डिंगों को हटाने के निर्देश दिए हैं।


Download Android App
Download iOS App



