हल्द्वानी : लोकसभा चुनाव में माओवादी गड़बड़ी कर सकते हैं। इस आशंका के आधार पर आईबी और स्थानीय खुफिया एजेंसी 50 हजार के इनामी खीम सिंह बोरा और भास्कर पांडे की तलाश कर रही है। एसओटीएफ की एक टीम इनामी माओवादियों की तलाश करने के लिए सोमेश्वर भी गई थी। डीआईजी अजय जोशी ने बताया कि सोमेश्वर गई एसओटीएफ की टीम ने अपनी गोपनीय रिपोर्ट दी है। नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और अल्मोड़ा की जिला पुलिस को भी सक्रिय किया गया है।
माओवादी गतिविधियों को संचालित करने के लिए इनामी खीम सिंह बोरा ने ईस्टर्न रीजनल ग्रुप बनाया है। खीम सिंह इस ग्रुप का सचिव है। चूंकि माओवादी पहले भी चुनाव विरोधी पर्चे चस्पा करने और वॉल राइटिंग कर चुके हैं। इसी कारण आईबी और एलआईयू की टीमें माओवादी गतिविधियों पर नजर रख रहीं हैं।
24 सितंबर 2017 में चोरगलिया पुलिस ने 50 हजार के इनामी माओवादी देवेंद्र चम्याल और भगवती भोज को गिरफ्तार किया था। देवेंद्र ने पुलिस को बताया था कि वह भवाली में चुनाव विरोधी पर्चे चस्पा करने और जिंदल स्कूल के खिलाफ नानीसार में पर्चे फेंकने की घटना में शामिल था। भगवती भोज ने बयान दिया कि वह तीन साल से माओवादी संगठन से जुड़ी है। दोनों पंचेश्वर बांध विरोधी मिशन पर लगे थे।


Download Android App
Download iOS App



