असम में विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस ‘एक्सोम बसोन अहोक’ नाम से 4 बस यात्राएं शुरू करने जा रही है। 12 फरवरी से शुरू हो रहीं ये यात्राएं 2 हफ्ते तक राज्य के कई हिस्सों से गुजरेंगी और इस दौरान मतदाताओं से मिलकर उनकी शिकायतों और मुद्दों पर चर्चा करेंगी।
गुवाहाटी में मीडिया के साथ रुबरू हुए असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रिपुन बोरा ने कहा कि बीजेपी के 5 सालों के कुशासन के दौरान लोगों को हुए कष्ट और उनकी कठिनाइयों को जानने के लिए पार्टी राज्य के हर घर तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा, “पिछले 5 सालों से समस्याओं का सामना कर रहे लोगों की परेशानी जानने के लिए हम हर घर का दौरा करेंगे।”
पार्टी नेताओं के अनुसार, प्रचार समिति के चेयरपर्सन प्रद्युत बोरदोलोई, गौरव गोगोई, देवव्रत सैकिया और सुष्मिता देव एक-एक यात्राओं का नेतृत्व करेंगे। पार्टी की योजनाओं के अनुसार, बोरदोलोई की बस यात्रा 12 फरवरी को सुबह 10 बजे से बोरदुआ सत्रा से शुरू होगी और नागांव जिले के बटाड्राबा विधानसभा क्षेत्र तक जाएगी।
वहीं सैकिया अपनी बस यात्रा 12 फरवरी को दोपहर 3 बजे शुरू करेंगे। सैकिया विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता हैं। वे शिवसागर शहर में पियाली फुकन को उनके स्मारक पर श्रद्धांजलि देने के बाद अपनी बस यात्रा शुरू करेंगे।
वहीं कलियाबोर से कांग्रेस सांसद गोगोई राज्य की राजधानी में ब्रह्मपुत्र नदी के तट पर स्थित महान असमिया योद्धा और अहोम सेना के नेता लाचिन बोरफुकन के स्मारक पर श्रद्धांजलि देने के बाद गुवाहाटी से दोपहर 12 बजे अपनी यात्रा शुरू करेंगे, जबकि सुष्मिता देव 13 फरवरी को सिलचर से अपनी बस यात्रा शुरू करेंगी और बराक घाटी का दौरा करेंगी।


Download Android App
Download iOS App



