पुडुचेरी से बोले PM मोदी- नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार एक आपदा थी

Summary :

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी नारायणसामी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि उनके नेतृत्व वाली पार्टी की पिछली सरकार एक ‘आपदा’ थी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी नारायणसामी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि उनके नेतृत्व वाली पार्टी की पिछली सरकार एक ‘आपदा’ थी और यह सरकार सभी मोर्चों पर नाकाम थी। मोदी ने साथ ही राज्य में विकास सुनिश्चित करने के लिये राजग की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
एआईएनआरसी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री एन रंगासामी, अन्नाद्रमुक और भाजपा नेताओं की मौजूदगी में राजग की एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि उन्हें चुनावी राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और इस केंद्र शासित प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के समर्थन में “बड़ी लहर” देखी है।
एक के बाद एक इस्तीफों के चलते अपनी सरकार के अल्पमत में आने से पिछले महीने मुख्यमंत्री के पद से त्यागपत्र देने वाले नारायणसामी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस बार चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “सालों तक काम न करने वाली कांग्रेस सरकारों की लंबी सूची में पुडुचेरी की पिछली सरकार का विशेष स्थान है। आला कमान की सरकार, पुडुचेरी की दिल्ली के आलाकमान की सरकार सभी मोर्चों पर नाकाम थी।” मोदी ने आरोप लगाया कि नारायणसामी के नेतृत्व वाली सरकार शिक्षा, चिकित्सा सीटों को भरने, अनुसूचित जाति/जनजाति समुदाय के कल्याण जैसे सभी क्षेत्रों में नाकाम रही और “यहां सिर्फ लूट ही लूट थी।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक “पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार से सीधे संबंधित” भ्रष्टाचार के बारे में “खुले तौर पर बात कर रहे हैं”। मोदी ने कहा कि उनका “राजनीति में काफी लंबा अनुभव है” और उन्होंने कई चुनाव देखे हैं लेकिन इस साल यहां हो रहे चुनाव ‘खास’ हैं।
मोदी ने नारायणसामी के बारे में कहा, “क्योंकि निवर्तमान मुख्यमंत्री को टिकट नहीं दिया गया। कई सालों की वफादारी, नेताओं की चप्पलें उठाना, अपने नेता (राहुल गांधी) को खुश करने के लिये गलत अनुवाद करना-इसके बावजूद टिकट नहीं- यह दिखाता है कि उनकी सरकार कितनी बड़ी आपदा थी।” मालूम हो कि पुडुचेरी में छह अप्रैल को एक चरण में मतदान होना है।

Desk Team