मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुये कहा कि उन्होंने (कांग्रेस) खेल की शुरुआत की है इसे खत्म हम करेंगे। शिवराज चौहान ने कहा, “उन्होंने (कांग्रेस) खेल की शुरुआत की है और हम (भाजपा) इसे खत्म करेंगे। कांग्रेस सरकार, बसपा और अन्य पार्टियों के समर्थन से चल रही है क्योंकि कांग्रेस ने हमसे कुछ सीटें ज्यादा पायी थीं, इसलिए भाजपा ने नैतिक आधार पर सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया।”
शिवराज ने कहा कि अब कांग्रेस ने गंदी राजनीति करनी शुरू कर दी है और उसे इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। पूर्व मुख्यमंत्री का यह बयान मध्यप्रदेश में हुई सियासी उठापटक के दो दिन बाद आया है जहां विपक्षी दल भाजपा के दो विधायकों नारायण त्रिपाठी और शरद कोल ने बुधवार को विधानसभा में पेश दंड विधि (मध्य प्रदेश संशोधन) विधेयक, 2019 के पक्ष में मतदान किया था।

भाजपा सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय संयोजक शिवराज चौहान ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा ने उत्तर प्रदेश और यहां की जनता के लिए कुछ भी नहीं किया। शिवराज ने सपा सांसद आजम खान द्वारा सांसद रामा देवी को लेकर दिये गये बयान की निंदा करते हुये कहा कि इससे लगता है कि वह कुछ मानसिक रूप से बीमार हैं और उन्हें महिलाओं के खिलाफ बदजुबानी पर मजा आता है। कुछ समय पहले उन्होंने भाजपा की रामपुर से लोकसभा प्रत्याशी जयाप्रदा के खिलाफ भी ऐसी ही बयानबाजी की थी।
शिवराज चौहान ने आजम का बचाव का प्रयास करने के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की भी आलोचना की और कहा कि समाजवादी पार्टी का अब कोई भविष्य नहीं है। शिवराज भाजपा के सदस्यता अभियान के सिलसिले में आये थे।


Download Android App
Download iOS App



