गोवा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस आलाकमान ने जीएफपी के साथ गठबंधन को मंजूरी दी: सरदेसाई

Summary :

गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के प्रमुख विजय सरदेसाई ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस ने राज्य में फरवरी 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के साथ गठबंधन करने को मंजूरी दे दी है।

गोवा में फिलहाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है, तो वहीं, अगले साल प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने है। ऐसे में विपक्षी दलों ने अभी से चुनावी तैयारियों को तेज करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के प्रमुख विजय सरदेसाई ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस ने राज्य में फरवरी 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के साथ गठबंधन करने को मंजूरी दे दी है।
सरदेसाई ने यहां पत्रकारों से कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की गोवा इकाई के प्रभारी दिनेश गुंडू राव ने उन्हें सूचित किया है कि कांग्रेस आलाकमान ने दोनों दलों के बीच गठबंधन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
जीएफपी प्रमुख ने कहा, ”गठबंधन के प्रस्ताव को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी गई है। अब हमें बैठक कर गठबंधन की रूपरेखा पर निर्णय लेना है।” विधानसभा में जीएफपी के तीन जबकि कांग्रेस के पांच विधायक हैं। कांग्रेस के 12 विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे।

Desk Team