झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को यहां कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह मोदी विरोध करते-करते राष्ट्र विरोध करने पर उतारू हो गयी है। पलामू में आज संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महागठबंधन परिवार और वंशवाद की राजनीति को बचाने के लिए बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में लोकतंत्र और मजबूत होगा जबकि वंशवाद, परिवारवाद को जनता पूरी तरह समाप्त कर देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विकासवाद के साथ सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए स्थापित पार्टी है। दास ने कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा के 400 पार के संकल्प को हकीकत में बदलेगी। उन्होंने दावा किया कि झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीट पर राजग के प्रत्याशी विजयी होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि 55 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी ने अमीरों को पाला, पोसा और गरीबों के साथ विश्वासघात किया।
दास ने कहा पिछले लोकसभा चुनाव में जनता ने यूपीए गठबंधन के भ्रष्टाचार, वंशवाद परिवारवाद से ऊबकर एक गरीब के बेटे को देश का प्रधानमंत्री बनाया जिसने गांव, गरीब, किसान, दलित, वंचित के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने विकास के साथ उग्रवाद आतंकवाद पर नकेल कसी। दुनिया में भारत का सम्मान मोदी जी के नेतृत्व में बढ़ा। दुनिया आज भारत के महत्व को समझने लगी है। दास ने दावा किया कि झारखंड सरकार पहली सरकार है जिसने एक दिन में एक लाख से अधिक बेरोजगारों को नौकरी दिया।


Download Android App
Download iOS App



