गोवा की बीजेपी सरकार नए राज भवन के निर्माण की योजना बना रही है। राज्य की प्रमोद सावंत नीत बीजेपी सरकार की इस योजना पर प्रदेश कांग्रेस ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब राज्य धन की कमी का सामना कर रहा है तो ऐसे समय में इसकी क्या जरूरत है।
मुख्यमंत्री सावंत ने हाल ही में कहा कि था गोवा में नए राजभवन का निर्माण होगा और इस संबंध में जमीन चिह्नित करने के लिए जल्द ही प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गोवा प्रदेश कांग्रेस समिति (जीपीसीसी) प्रमुख गिरीश चोडंकर ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार राज भवन इमारत को एक निजी कंपनी को कसीनो, स्पा और रिजॉर्ट चलाने के लिए किराए पर देने की योजना बना रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने एक दिवसीय विधानसभा सत्र में स्वीकार किया कि राज्य की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। इसके बाद भी सरकार ने नए राज भवन जैसी निर्माण योजना और विधानसभा परिसर की मरम्मत की घोषणा की है, जिसके लिए करोड़ों रुपये की जरूरत है।’’ इस पर गोवा बीजेपी प्रमुख सदानंद तनावडे ने कांग्रेस नेता पर हमला करते हुए कहा, ‘‘चोडंकर को गैर जिम्मेदाराना बयान देने से पहले तथ्यों को जान लेना चाहिए।’’


Download Android App
Download iOS App



