मध्यप्रदेश में 3 नवंबर को विधानसभा की 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से मंगलवार को चार उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी गई। इस तरह कांग्रेस अब तक 27 उम्मीदवार तय कर चुकी है।
कांग्रेस के मध्यप्रदेश प्रभारी और केंद्रीय चुनाव समिति के प्रभारी महासचिव मुकुल वासनिक ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा तय किए गए उपचुनाव के उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की। इस सूची में चार उम्मीदवारों के नाम हैं।
पार्टी ने मुरैना से राकेश मावई, मेहगांव से हेमंत कटारे, मलहरा से रामसिया भारती और बदनावर से कमल पटेल को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने बदनावर के उम्मीदवार में बदलाव किया है और नए उम्मीदवार के तौर पर कमल पटेल को मैदान में उतारने का फैसला लिया है।
कांग्रेस ने इससे पहले दो सूचियां जारी की थीं, जिनमें क्रमश: 8 और 15 उम्मीदवारों के नाम थे। इस तरह अब तक कुल 27 उम्मीदवारों के नाम तय हुए हैं। सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र ब्यावरा रह गया है, जहां कांग्रेस को उम्मीदवार तय करना है।


Download Android App
Download iOS App



