मध्यप्रदेश कांग्रेस के एक प्रतिनिधि मंडल ने आगामी नगरीय निकाय चुनाव ईवीएम के स्थान पर मतपत्र से कराए जाने की मांग को लेकर आज राज्य निर्वाचन आयोग को एक ज्ञापन सौपा। कांग्रेस की ओर से यहां जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर, उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, महामंत्री प्रभारी प्रशासन राजीव सिंह एवं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं प्रभारी चुनाव आयोग कार्य जे पी धनोपिया इस संबंध में ज्ञापन सौंपने राज्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय पहुंचे।
वहां उन्होंने नगरीय निकाय चुनाव मतपत्र से कराने राज्य निर्वाचन आयुक्त वी पी सिंह को ज्ञापन सौंपा। राज्य निर्वाचन आयुक्त को सौपे गये ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में आगामी नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया अपेक्षित है एवं पिछले चुनाव का मतदान ईवीएम द्वारा संपन्न हुआ था। वर्तमान परिस्थितियों में विधानसभा चुनाव 2018 एवं लोकसभा चुनाव 2019 में ईवीएम से संपन्न हुए, मतदान का अनुभव संतोषजनक नहीं रहा, साथ ही प्रदेश के मतदाताओं में ईवीएम को लेकर कई प्रकार की भ्रांतियां निर्मित हो रही हैं।

ऐसी स्थिति में मतदाताओं और कांग्रेसजनों की मांग के आधार पर प्रदेश में होने वाले आगामी नगरीय निकाय के चुनाव का मतदान, ईवीएम के स्थान पर मतपत्र द्वारा ही कराए जाने की व्यवस्था की जाये। ज्ञापन में आगे कहा गया कि नगरीय निकाय का चुनाव मतपत्र छपवाकर कराया जाये, ताकि ईवीएम के बारे में आम जनता को हो रही भ्रांतियों का संतोषजनक परिणाम प्राप्त हो सके जो न्यायोचित होगा।


Download Android App
Download iOS App



