उपवास को कांग्रेस का समर्थन

Summary :

दिल्ली में संत शिरोमणी रविदास महाराज के मंदिर को तोड़े जाने के विरोध में अनुसूचित जाति के लोगों ने गांधी पार्क के गेट पर सांकेतिक उपवास किया।

देहरादून : दिल्ली में संत शिरोमणी रविदास महाराज के मंदिर को तोड़े जाने के विरोध में अनुसूचित जाति के लोगों ने गांधी पार्क के गेट पर सांकेतिक उपवास किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की। उनके धरने को कांग्रेसियों ने भी समर्थन दिया। 
इस मौके पर उपवास पर बैठे लोगों ने कहा कि केंद्र सरकार अनुसूचित जाति  के लोगों को अपमानित करने का काम कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया  जाएगा। कमलेश रमन ने कहा कि जिस तरह से देश की जनता ने मोदी सरकार को  समर्थन दिया था कि वह कुछ नया करेगी, लेकिन मोदी सरकार प्राचीन धरोहरों को  ध्वस्त करने का काम कर रही है। 
सामाजिक कार्यकर्ता मोहन कुमार काला ने आरोप लगाए कि भाजपा के नेता बाबा  साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाये गये संविधान की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। ऐसे नेता जो समाज को बांटने का काम कर रहे हैं, उन्हें सबक  सिखाने की आवश्यकता है। 
जिला श्री संत शिरोमणी गुरु रविदास सभा समिति के अध्यक्ष उमेश कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा किया जा रहा अपमान सहन नहीं किया जाएगा। उपवास का समर्थन करते हुए कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, प्रदेश  प्रवक्ता डॉ. आरपी रतूड़ी, जिलाध्यक्ष संजय किशोर ने भाजपा सरकार की आलोचना  की।
‘रोजगार नहीं तो सरकार नहीं अभियान’ आरंभ
युवा कांग्रेस ने ‘रोजगार नहीं तो सरकार नहीं अभियान’ आरंभ किया। इस मौके पर कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि  सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य में बेरोजगारी बढ़ी है। राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में अभियान को शुरू करते हुए युवा  कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुमितर भुल्लर ने कहा कि रोजगार के  मुद्दे पर प्रदेश भाजपा सरकार निरंतर विफल साबित हुई है। 
कहा कि आज प्रदेश  में बेरोजगारी चाहे सरकारी क्षेत्र में हो या निजी क्षेत्र में हो, सारे आंकड़े उच्च स्तर पार कर चुके हैं। इस मौके पर युवा कांग्रेस की ओर से एक गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। बताया कि युवा कांग्रेस रोजगार नहीं तो सरकार नहीं मुहिम के तहत राज्यभर के प्रत्येक जिला मुख्यालयों का घेराव करेगी एवं बेरोजगारी के मुद्दे पर  उत्तराखंड विधानसभा पर भी प्रदर्शन किया जाएगा। 
इस मौके पर संगठन के प्रदेश सचिव जितेंद्र सिंह नेगी, प्रदेश संयोजक राहुल पंत, आशीष सैनी, विधानसभा डोईवाला के अध्यक्ष मोनी मेहता, आयुष  सेमवाल, विपिन रतूड़ी, अजय रावत, करण सिंह कनोजिया आदि मौजूद रहे। 

Desk Team