कांग्रेस महंगाई के खिलाफ सात जुलाई से शुरू अपने राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के तहत 17 जुलाई को पटना में मार्च निकालेगी।
कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहन प्रकाश के साथ पत्रकारों को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के तहत आगामी 17 जुलाई को पटना में बोरिंग रोड चौराहे से गांधी मैदान तक मार्च निकाला जाएगा। इसमें प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहन प्रकाश ने आरोप लगाया, ‘‘ये मौसमी महंगाई नहीं मोदी महंगाई है। इस सरकार ने अपने पूंजीपति मित्रों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है और उन्हें लूट की खुली छूट दे रखी है। पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्यवृद्धि से आम जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘देश में वर्तमान सरकार के दौरान बेरोजगारी अपने चरम पर है। बावजूद इसके केंद्र सरकार ने राष्ट्रवाद के मुखौटे की आड़ में देश को लूटने की कुत्सित मानसिकता के साथ भारत की आत्मा के क्षरण का प्रयास किया है।’’
जनसंख्या नियंत्रण पर कानून बनाए जाने को लेकर चर्चाओं के बारे में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर जनसंख्या अभी स्थिर है। वहीं कुछ राज्यों में ये राष्ट्रीय औसत से कम पर है। बावजूद इसके केंद्र सरकार का रवैया चुनावी लाभ को लेकर आम जनता को दिग्भ्रमित करने वाला है ताकि असल मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके।
बिहार कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष राजेश राठौड़ ने बताया कि कांग्रेस द्वारा महंगाई के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन में शामिल होने मुख्य रूप से बिहार प्रभारी भक्त चरण दास और पार्टी महासचिव तारिक अनवर 16 जुलाई को पटना आएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के ये दोनों नेता बिहार कांग्रेस द्वारा महंगाई के खिलाफ 17 जुलाई को बोरिंग रोड चौराहा से गांधी मैदान तक की साइकिल रैली तथा अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
बिहार के विपक्षी महागठबंधन का नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने देश में बढ़ती मंहगाई के खिलाफ 18 जुलाई को राज्य के सभी प्रखण्ड मुख्यालयों पर तथा 19 जुलाई को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने की घोषणा बुधवार को की थी।


Download Android App
Download iOS App



