केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण राज्य के विकास कार्यों के समक्ष काफी चुनौतियों उत्तपन्न हुई हैं, जिससे अत्यधिक राजस्व और राजकोषीय घाटा उठाना पड़ सकता है।
विधानसभा में पिनराई विजयन सरकार के दूसरे कार्यकाल का नीतिगत संबोधन प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि सभी को कोविड-19 रोधी टीके मुफ्त मुहैया कराना सरकार की एक नीति है और इसके लिए 1,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि राजकोषीय सीमाओं के बावजूद सरकार वैश्विक महामारी के कारण सामने आई चुनौतियों से निपटने के लिए कदम उठा रही है और वैश्विक निविदाएं निकाली गई हैं और देश के टीका निर्माताओं को भी ऑर्डर दिए हैं।
खान ने कहा, ‘‘ कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण बड़ी चुनौती उत्पन्न हुई है। कोविड के मामले वापस बढ़ने से राजस्व में भी कमी आई है। ’’ महामारी के समय में लागू किए गए कल्याणकारी कार्यक्रमों का विवरण देते हुए, राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार ने मौजूदा दूसरी लहर में, गरीबी रेखा के नीचे (बीपीएल) के उन सभी परिवारों को अनुग्रह भुगतान के रूप में 1,000 करोड़ रुपये की घोषणा की है, जिनके पास कल्याणकारी पेंशन नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



