मध्यप्रदेश के बरघाट थाना अंतर्गत उमरवाड़ा गांव में मजदूरी के रूपयों से महँगा मोबाइल फोन खरीदने पर माँ के कथित तौर पर डांटने से नाराज एक 18 वर्षीय लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बरघाट थाने के उप निरीक्षक संतोष धुर्वे ने मंगलवार को बताया कि कौशल्या पन्द्रे (18) ने सोमवार सुबह उस वक्त फांसी लगा ली जब वह घर में अकेली थी।
उसके छोटे भाई ने बहन का शव फांसी के फंदे पर झूलता देखा। मौके पर पहुँची पुलिस को किशोरी के पास एक सुसाइड नोट मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मां रामकली ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि कुछ दिन पहले रामटेक से मजदूरी कर कौशल्या घर लौटकर आई थी।
मजदूरी के रुपयों से कौशल्या ने एक नया मोबाइल भी खरीद लिया था। इस पर मां ने उसे यह कहकर डांटा था कि कुछ कर्ज चुकाना है, तुझे अभी मोबाइल नहीं खरीदना था। एक रात पहले इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। उन्होने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



