लोकसभा चुनाव 2019 : दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया आज भरेंगे नामांकन

Summary :

मध्यप्रदेश के भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह और गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से पार्टी महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया आज अपना नामांकन पत्र भरेंगे।

मध्यप्रदेश के भोपाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से पार्टी महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया आज अपना नामांकन पत्र भरेंगे। जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट ने बताया कि सिंधिया शनिवार को गुना से चलकर दोपहर को शिवपुरी पहुंचेंगे। यहां वे जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंच कर अपना नाम निर्देशन पत्र भरेंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवपुरी में एक आम सभा को संबोधित करेंगे।

इसके पहले दिग्विजय सिंह ने सुबह ट्वीट करते हुए राजधानी के विकास के लिए भोपालवासियों से समर्थन मांगा। उन्होंने लिखा कि समभाव का तानाबाना भोपाल की पहचान है। ऐसी पहचान जो पुरखों ने विरासत के रूप में हमें सौंपी है। इस विरासत को सहेजने की जिम्मेदारी है। सौहार्द्र के सांचे में विकास को बुनें। विकास की दौड़ में संस्कृति और हमारी पहचान धूमिल न हो जाए।

Digvijay  tweet

उन्होंने लिखा कि इस चुनौती को स्वीकार कर, भोपाल को भोपाल बनाये रखते हुए इसके विकास का लक्ष्य लेकर, मां नर्मदा के आशीर्वाद और भोपाल की जनता के स्नेह व समर्थन से वे आज दोपहर नामांकन दाखिल कर रहे हैं।

Digvijay tweet

दिग्विजय ने कहा कि भोपाल अपने नैसर्गिक सौन्दर्य, अपनी सांस्कृतिक पहचान एवं शांत वातावरण के साथ एक आधुनिक भोपाल बने, ये उनकी कोशिश रहेगी। भोपाल एक ग्लोबल सिटी हो, जहाँ दुनिया भर से रोजगार लाए जा सकें। भोपाल हमेशा गर्व के साथ सिर ऊँचा रखने का अवसर दे, इसके लिए वे यहां के लोगों के समर्थन के आकांक्षी हैं।

Digvijay tweet

बता दें कि भोपाल से दिग्विजय सिंह के मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को मैदान में उतारा है। वही, सिंधिया के मुकाबले में भाजपा ने इस बार के पी यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।

Desk Team