टिहरी/देहरादून : उत्तराखंड में एक बार फिर झमाझम बारिश का दौर शुरू हो चुका है। लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए परेशानी बन गयी है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुरूप बुधवार की रात से उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है। इस दौरान पहाड़ियों से पत्थर गिर रहे हैं। भूस्खलन से चलते गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ हाईवे अवरुद्ध हो गया है। इस बीच टिहरी में गुरुवार तड़के चार बजे टिहरी के घनसाली पट्टी केमर के कोटियाड़ा गांव के ऊपर से मलबा आने से 18 परिवार की जान पर आफत आ गयी।
जानकारी के मुताबिक अचानक से 18 घरों में मलबा घुस गया। जिससे गांव में भगदड़ मच गई। हालांकि इस सब में कोई जनहानि नहीं हुई है। बताया गया कि लोगों ने एसडीएम और पटवारी को फोन किया, लेकिन उन्होंने फ़ोन नहीं उठाया। प्रभावित परिवारों ने गवाना तोक में अन्य लोगों के घरों में शरण ली। प्रभावित परिवारों ने अपने पशुओं को बमुश्किल मलबे से बाहर निकाला।
वहीं उत्तरकाशी के वरुणावत पर्वत से पत्थर गिरने से होटल की छत ध्वस्त हो गई, देहरादून के त्यूनी में बिजली गिरने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया। यमुनोत्री हाईवे भी उत्तरकाशी के डाबरकोट के पास मलबा आने से अवरुद्ध हो गया। कुमाऊं के पिथौरागढ़ जनपद में थल व डीडीहाट में भारी बारिश की सूचना है। बारिश से अस्कोट-कर्णप्रयाग मार्ग लालघाटी के पास मलबा आने से बंद हो गया। वहीं, यह सड़क कुकरोली के पास बह गई। इससे सड़क के दोनों तरफ लोग फंस गए।


Download Android App
Download iOS App



