शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा है कि महाराष्ट्र के आदिवासी बहुल पालघर जिले में विकास परियोजनाओं को शुरू करते समय स्थानीय लोगों के विचारों को ध्यान में रखा जाएगा। ठाकरे ने मंगलवार और बुधवार को पालघर लोकसभा संसदीय क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रोडशो किया और सिख एवं ईसाई सहित विभिन्न समुदायों के सदस्यों के साथ संपर्क किया।
बीजेपी के साथ चुनाव पूर्व अपने गठबंधन के तहत शिवसेना मुंबई के नजदीक स्थित पालघर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही है। इस सीट पर शिवसेना के प्रत्याशी राजेन्द्र गावित मैदान में हैं जो पूर्व में कांग्रेस से बीजेपी में आ गये थे और उपचुनाव में पालघर लोकसभा सीट से चुनाव जीते थे। गावित पिछले महीने शिवसेना में शामिल हुए थे।
बुधवार को संसदीय क्षेत्र के अपने दौरे के दौरान ठाकरे ने स्थानीय लोगों और मछुआरों से मुलाकात की और उनके साथ बैठकें की। उन्होंने आश्वासन दिया, ‘‘स्थानीय लोगों के साथ विचार-विमर्श के बाद जिले में विकास परियोजनाएं शुरू की जायेंगी।’’ उन्होंने कहा कि वह लोगों के विचारों को जानने के लिए प्रस्तावित वधावान बंदरगाह और अन्य जेटी परियोजना स्थलों का दौरा करेंगे।
रत्नागिरी में नानर रिफाइनरी परियोजना का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘स्थानीय लोगों के विचारों और भावनाओं पर निश्चित रूप से विचार किया जाएगा। अगर लोग कुछ कामों का विरोध करते हैं तो सरकार उनके राय का सम्मान करेगी।’’ इस बीच, ठाकरे ने यह भी कहा कि वह पालघर में मछुआरों के मुद्दों को देखेंगे।


Download Android App
Download iOS App




