मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण अगले कुछ दिनों में गुजरात के विभिन्न हिस्सों खासकर तटीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि मछुआरों को अगले कुछ दिनों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है और बंदरगाहों को खतरे का संकेत देने को कहा गया है।
राज्य मौसम विभाग के निदेशक जयंत सरकार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण 13 और 14 जून को सौराष्ट्र तथा कच्छ में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र सोमवार को करीब 31 किमी प्रति घंटा की गति से उत्तर की ओर बढ़ रहा है।
विभाग की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे यह अमीनिदीवी (लक्षद्वीप) से करीब 240 किलोमीटर, मुंबई से 760 किमी और वेरावल (गुजरात) से 930 किमी दूर था। इसमें कहा गया है कि इसके चक्रवाती तूफान और उसके बाद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाने का अनुमान है। इसके अगले 72 घंटों में उत्तर-पश्चिमोत्तर की ओर बढ़ने का अनुमान है। गुजरात अभी भीषण गर्मी की चपेट में है और अहमदाबाद सहित प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान मई के आखिरी सप्ताह से ही 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक है।


Download Android App
Download iOS App



