हरिद्वार : अमृत योजना से जुड़े अफसरों की मनमानी का जीता-जागता उदाहरण शिवलोक कालोनी में देखने को मिला है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि एक कर्मचारी को लाभ पहुंचाने के लिये शिवलोक फेज तीन के पार्क को भी खुदवा डाला, हालांकि इसकी जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में कॉलोनी के लोग मौके पर पहुंच गए और मनमानी का विरोध करते हुए जबरन काम भी रूकवाया। कॉलोनी के लोगों ने कहा कि दुबारा पार्क के बीच लाइन बिछाने की कोशिश की गई तो जबरदस्त आंदोलन होगा।
शिवलोक कॉलोनी के फेज तीन में हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण का पार्क है। आरोप है कि अमृत गंगा योजना से जुड़े अधिकारी नगर निगम के एक कर्मचारी को लाभ पहुंचाने के लिए पार्क को ही खोद डाला। डॉ. संजय माहेश्वरी, नरेंद्र रावत, एलडी जोशी, दिनेश नौटियाल, डॉ. के स्वरूप, आदेश त्यागी आदि ने बताया कि पार्क बच्चों के खेलने के लिये है। व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिये पार्क को खोदना गलत है। दुबारा लाइन डालने की कोशिश हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
गौरतलब है कि शिवलोक कालोनी में कई ऐसे पार्क हैं, जहां हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण की हीलाहवाली के चलते अवैध रूप से कब्जे किये हुए हैं, जिसकी जानकारी के बावजूद भी प्राधिकरण आज तक इन पार्कों को अवैध कब्जों से मुक्त नहीं करवा पाया है, जोकि उसकी कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
– संजय चौहान


Download Android App
Download iOS App



