महाराष्ट्र के भिवंडी में सोमवार तड़के एक बहु-मंजिला इमारत ढहने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं करीब 20 अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका है। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि यह इमारत आज तड़के गिर गई। मलबे से अभी तक एक बच्चे सहित पांच व्यक्तियों को निकाला गया है। तलाश अभियान जारी है।
ठाणे आपदा प्रतिक्रिया बल (टीडीआरएफ) के कर्मी मलबे से एक बच्चे को निकालते और उसे पानी पिलाते देखे गए। भिवंडी, ठाणे से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित एक नगर है। एक निकाय अधिकारी ने बताया कि धमनकर नाका के पास नरपोली में पटेल परिसर स्थित इमारत तड़के तीन बजकर 40 मिनट पर गिर गई। हादसे के समय उसमें रहने वाले लोग सोये हुए थे।
उन्होंने बताया कि इमारत में रहने वाले करीब 20 व्यक्तियों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम भी मौके पर पहुंची है। एनडीआरएफ के महानिदेशक एस. एन. प्रधान ने ट्वीट किया, ‘‘ 20-25 लोगों के फंसे होने की आशंका है। खोज अभियान जारी है। एनडीआरएफ की और टीमें रास्ते में हैं।’’
ठाणे नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि इमारत का एक हिस्सा धराशायी हो गया और इमारत में रहने वाले कई लोग मलबे में फंस गए। अधिकारी ने बताया कि झिलानी इमारत कितनी पुरानी है इसकी जानकारी नहीं है। अभी यह भी पता नहीं चल पाया है कि यह इमारत निगम द्वारा घोषित जीर्ण-शीर्ण इमारतों की सूची में शामिल थी या नहीं।


Download Android App
Download iOS App



