भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि हिंदुत्व का मतलब सहिष्णुता है। भाजपा नेता का यह बयान पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के उस बयान के संदर्भ में आया है जिसमें उन्होंने एक दिन पहले कहा था कि कोरोना वायरस संकट से पहले ही भारतीय समाज दो महामारियों- धार्मिक कट्टरता और आक्रामक राष्ट्रवाद का शिकार हो गया था।
अंसारी के बयान के संबंध में पूछे गए एक सवाल पर फडणवीस ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हिंदुत्व कभी भी कट्टर (विचारधारा) नहीं रहा है। यह हमेशा सहिष्णु रहा है। हिंदुत्व इस देश में जीवन जीने का प्राचीन तरीका है। हिंदुओं ने कभी किसी पर या किसी भी देश या किसी राज्य पर हमला नहीं किया।”
पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि हिंदू धर्म ने हमेशा सहिष्णुता सिखाई है और इस वजह से भारत में विभिन्न पंथों और जातियों के लोग शांति से रहते आए हैं। कोरोना वायरस महामारी के बीच महाराष्ट्र के कुछ शहरों में 9 वीं से 12वीं कक्षाओं के लिए स्कूलों को फिर से खोले जाने के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में विपक्ष के नेता ने गंभीरता से विचार करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, “राज्य सरकार को अन्य राज्यों के अनुभव को ध्यान में रखना चाहिए, जहां स्कूलों के फिर से खोलने पर कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि हुयी।’’


Download Android App
Download iOS App



