देहरादून : केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने सोमवार को कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले 100 दिनों में तीन तलाक और जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे को समाप्त करने जैसे कई ऐतिहासिक निर्णय लिये।
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने पर उसका रिपोर्ट कार्ड देते हुए निशंक ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस छोटी सी अवधि में दशकों से लटके पड़े विवादास्पद मसलों का समाधान किया गया और यह निश्चित रूप से हर तरह से उल्लेखनीय है।’’
संसद के दोनों सदनों द्वारा पारित ‘तीन तलाक’ विधेयक और जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद-370 के ज्यादातर प्रावधानों को निरस्त किये जाने का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई और दूरदर्शी नेतृत्व में ही लिये जा सकते थे।
हरिद्वार से लोकसभा सांसद निशंक ने कहा कि आर्थिक मोर्चे पर भी दस अग्रणी बैंकों के विलय का एक बड़ा निर्णय लिया गया जो सरकार के सुधारवादी दृष्टिकोण को दिखाता है। उन्होंने चंद्रयान-दो का भी जिक्र किया और कहा कि यह भारत के चंद्र मिशन की दिशा में एक बड़ा कदम है।


Download Android App
Download iOS App



