कर्नाटक के मेंगलुरु में मछली प्रोसेसिंग यूनिट में हादसा होने के चलते पांच मजदूरों की मौत हो गई। वहीं 3 लोग घायल हुए हैं। रविवार को हुई इस घटना की जानकारी मेंगलुरु के पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार ने सोमवार को दी। हादसे में मारे गए सभी मजदूर पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे।
पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार ने बताया कि “एक मजदूर कचरा संग्रह टैंक के अंदर गिर गया और उसके अंदर बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए सात अन्य मजदूर टैंक में घुस गए और वे भी बेहोश हो गए। उन्हें ए जे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां कल रात तीन की मौत हो गई। आज सुबह आईसीयू में दो अन्य मजदूरों की मौत हो गई।”
पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे सभी मृतक
पुलिस आयुक्त ने कहा कि मारे गए सभी मजदूर पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे और उनकी उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। एन शशि कुमार ने कहा, “हमने प्रबंधक और पर्यवेक्षक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। उत्पादन प्रबंधक रूबी जोसेफ, क्षेत्र प्रबंधक कुबेर गाडे और पर्यवेक्षकों मोहम्मद अनवर और फारुख को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।”


Download Android App
Download iOS App



