छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पिछले 24 घंटे में हुई बारिश के कारण अलग अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक मां-बेटा भी शामिल हैं। बस्तर जिले के अधिकारियों ने शुक्रवार को यहां बताया कि जिला मुख्यालय जगदलपुर में गुरूवार शाम से भारी बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं दीवार गिरने की अलग अलग घटनाओं में चार लोगों को मौत हो गई है।
जगदलपुर के अनुविभागीय दंडाधिकारी जीआर मरकाम ने बताया कि जिला मुख्यालय में तीन अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को चार चार लाख रूपए देने की घोषणा की है। जगदलपुर के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर के भैरमदेव क्षेत्र में कलेक्टर निवास की चाहरदीवारी का एक हिस्सा बारिश के कारण गिर गया। इससे दीवार से लगकर बना कच्चा मकान भी इसकी चपेट में आ गया।
घटना में चंद्रिका बघेल (45) और उसके बेटे विष्णु बघेल (15) की दबने से मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण शहर के नयापार क्षेत्र में एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से केदार ठाकुर की मौत हो गई, वहीं अनुकुलदेव क्षेत्र में दीवार गिरने से एक महिला सोनमति की मौत हो गई। रायपुर स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों ने बताया कि जगदलपुर में गुरूवार रात आठ बजे से आज सुबह आठ बजे के दौरान 288.5 मिमी बारिश दर्ज की गयी है।
मौसम विभाग ने राज्य के बस्तर, रायपुर और दुर्ग संभाग में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है तथा बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के लिए कहा गया है।


Download Android App
Download iOS App



