कर्नाटक कैबिनेट में फेरबदल पर अगले हफ्ते होगी चर्चा, CM बोम्मई ने जेपी नड्डा से की मुलाकात

Summary :

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने अपने कैबिनेट में फेरबदल को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ व्यापक चर्चा की है। वहीं मुद्दे पर आगे की चर्चा अगले हफ्ते की जाएगी।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बुधवार को अपने कैबिनेट में फेरबदल को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ व्यापक चर्चा की है। वहीं मुद्दे पर आगे की चर्चा अगले हफ्ते की जाएगी। बेंगलुरु रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए बोम्मई ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने इस मामले पर बुधवार को नड्डा के साथ बैठक की।
मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा, “कैबिनेट विस्तार पर मेरी विस्तृत चर्चा हुई है। पार्टी आलाकमान ने सारी जानकारी हासिल कर ली है। नड्डा ने कहा है कि पार्टी की राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक के लिए उनकी कर्नाटक यात्रा के दौरान आगे की चर्चा की जाएगी।”

मुंबई में XE वैरिएंट की एंट्री, स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे बोले- केंद्र या NIB ने नहीं की पुष्टि, घबराने की जरूरत नहीं

बोम्मई ने कहा कि 16-17 अप्रैल को होने वाली पार्टी की राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक में इस मुद्दे पर विचार-विमर्श के बाद पार्टी प्रमुख वरिष्ठ नेताओं और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव से परामर्श करने के बाद अंतिम निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘नड्डाजी ने मुझे राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक के लिए पूरी तैयारी करने कहा है और अगले विधानसभा चुनाव का सामना करने के लिए तैयारी कैसे की जाए, इस पर भी चर्चा की है।”
बोम्मई केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी नेताओं से मिलने के लिए दो दिवसीय दौरे पर राष्ट्रीय राजधानी में थे। हाल में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के बाद मुख्यमंत्री पर अपनी कैबिनेट का विस्तार करने या फेरबदल करने का दबाव बढ़ रहा है। कुछ विधायक अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नए चेहरों को मौका देने लिए कर्नाटक में गुजरात जैसे बदलाव की वकालत कर रहे हैं। 
राज्य कैबिनेट में फिलहाल मुख्यमंत्री सहित 30 मंत्री हैं, जबकि स्वीकृत संख्या 34 है। हाल में राज्य का दौरा करने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक के बीजेपी नेताओं को 2023 के विधानसभा चुनावों में कुल 224 में से 150 सीटों पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया था।

Desk Team