केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने बुधवार को हुए गढ़चिरौली नक्सली हमले के बाद कहा कि सरकार इससे सबक लेगी और सुनिश्चित करेगी की भविष्य में ऐसी कोई घटना नहीं हो। अहीर चन्द्रपुर से सांसद हैं, जिसकी सीमा पूर्वी महाराष्ट्र स्थित गढ़चिरौली से लगती है। उन्होंने कहा, ‘‘ हमें अभी घटना की पूर्ण जानकारी नहीं मिल पाई है।
प्राथमिक खबरों के अनुसार, क्यूआरटी (क्विक रिएक्शन टीम) के सदस्य वाहन जलाए जाने वाली जगह का निरीक्षण करने जा रहे थे।’’ केन्द्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘ हम निश्चित तौर पर इसका मुंह तोड़ जवाब देंगे लेकिन साथ ही इससे सबक भी लेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे की भविष्य में ऐसी घटना ना हो।’’ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ गढ़चिरौली पुलिस नक्सलियों के साथ लड़ाई में काफी सफल रही है। हम इस घटना को एक चुनौती के तौर पर देखते हैं।
जांच के बाद ही पता चल पाएगा की क्या और कैसे हुआ।’’ उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार हमेशा पुलिस को हथियार एवं आवश्यक उपकरण मुहैया कराने को तत्पर रही है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में 15 सुरक्षाकर्मियों समेत कम से कम 16 लोग मारे गये थे। इस विस्फोट से पहले नक्सलियों ने एक सड़क निर्माण ठेकेदार के 25 वाहनों में आग लगा दी।


Download Android App
Download iOS App



