ऋषिकेश : पहाड़ों में हो रही, लगातार बारिश से ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। जिसके चलते प्रशासन ने झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले गंगा किनारे लोगों को अलर्ट कर दिया है। ऋषिकेश में गंगा चेतावनी निशान से 22 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। गंगा का जलस्तर बढ़ने से ऋषिकेश व आसपास क्षेत्र के पके गंगा घाट जलमग्न हो गए हैं। त्रिवेणी घाट के आरती स्थल पर भी पानी भर गया है।
केंद्रीय जल आयोग के विक्रम सिंह के अनुसार बृहस्पतिवार की देर रात से ही गंगा के जलस्तर में वृद्धि शुरू हो गई थी। शुक्रवार को दोपहर में गंगा का जलस्तर 339.28 मीटर तक पहुंच गया था। ऋषिकेश में गंगा का चेतावनी स्तर 339.50 मीटर है, जो वर्तमान जल स्तर से महज 22 सेंटीमीटर ऊपर है। इस मानसून सत्र में पहली बार ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा के करीब पहुंचा है।
गौरतलब है कि पिछले 3 दिनों से पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। बीती रात्रि टिहरी जनपद के भिलंगना घाटी में व चमोली क्षेत्र में बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। जिसके बाद गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। जिससे ऋषिकेश का त्रिवेणी घाट घाट जहां जलमग्न हो गया है वहीं पुलिस चौकी व केंद्रीय जल आयोग का ट्रीटमेंट प्लांट गंगा में डूब गया है। जल स्तर बढ़ने के साथ ही गंगा में बड़ी मात्रा में बोल्डर भी आ रहे हैं। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने गंगा के तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया है।


Download Android App
Download iOS App



