केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को कहा कि 2014 से 2020 के दौरान कृषि क्षेत्र के लिए मोदी सरकार द्वारा आवंटित बजट संप्रग सरकार की तुलना में 438 फीसदी अधिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि वामपंथी और कथित ‘‘टुकड़े टुकड़े गैंग’’ कृषि क्षेत्र में मोदी सरकार की उपलब्धियों को बदनाम कर रहे हैं। मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्री यहां संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं कृषि क्षेत्र में बजट आवंटन पर बात करना चाहता हूं। 2009 से 2014 के बीच कृषि के लिए बजट आवंटन 88,811 करोड़ रुपये था जिसे 2014 और 2020 के बीच बढ़ाकर 4,87,238 करोड़ रुपये कर दिया गया जो 438 फीसदी अधिक है।’’ उन्होंने आरोप लगाए, ‘‘वामपंथी और टुकड़े टुकड़े गैंग कृषि क्षेत्र में मोदी सरकार की उपलब्धियों को बदनाम कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि 2013-14 में कृषि क्रेडिट सात लाख करोड़ रुपये था जो वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान 16.5 लाख करोड़ रुपये हो गया है। यह 135 फीसदी की बढ़ोतरी है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष अंतरण (डीबीटी) माध्यम से देश के 106 लाख किसानों के खाते में छह-छह हजार रुपये का लाभ दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



