कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के आवास पर स्थित उनके कार्यालय ‘‘कृष्णा’’ के अंदर गोल्फ की एक बॉल आ जाने से सुरक्षाकर्मियों की परेशानी बढ़ गयी। वहां तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने बॉल बरामद की और सामने स्थित बेंगलुरू गोल्फ क्लब की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘यह वहां से आयी है ।’’
एक अन्य सुरक्षाकर्मी ने मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘सौभाग्य से गेंद किसी को नहीं लगी। ‘‘कृष्णा’’ में गोल्फ बॉल आ जाने की यह पहली घटना नहीं है। पिछले साल जुलाई में भी ऐसी ही घटना हुयी थी जब एच डी कुमारस्वामी मुख्यमंत्री थे।
उस समय तत्कालीन उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने कहा था कि सरकार गोल्फ कोर्स को स्थानांतरित करने की संभावना पर गौर करेगी। उस समय बॉल एक आईपीएस अधिकारी की कार पर गिरी थी और उसका शीशा टूट गया था। बेंगलुरू गोल्फ क्लब की स्थापना 1876 में हुयी थी और यह 60 एकड़ में फैला है।


Download Android App
Download iOS App



