देहरादून : मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पुलिस लाईन देहरादून में सविया ऐविएशन प्राईवेट लिमिटेड एवं उत्तराखण्ड पुलिस के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हॉट एयर बलून महोत्सव 2019 के अन्तर्गत हॉट एयर बलून शो का शुभारम्भ किया। अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हॉट एयर बलून शो की शुरूआत होने से उत्तराखण्ड में एडवेंचर स्पोर्ट्स की ओर युवाओं का रूझान बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में एडवेंचर टूरिज्म की बहुत सम्भावनाएं हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि हॉट एयर बलून आने वाले समय में साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में एक बड़ा रूप लेगा। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में हॉट एयर बलून की सम्भावनाएं तलाशी जाएंगी। गौचर मेले में इसकी छोटी सी शुरूआत की गयी थी। राज्य सरकार प्रयास कर रही है कि इस क्षेत्र को ओर अधिक विकसित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में एडवेंचर से जुड़ी एजेंसियों के साथ एक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। राज्य सरकार प्रयास कर रही है कि प्रदेश की प्राकृतिक सुन्दरता और साहसिक पर्यटन के मेलजोल से उत्तराखण्ड को एक अच्छा टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाया जाए। इस अवसर पर सविया ऐविएशन से कैप्टन श्वेता एवं कैप्टन अशोक सहित पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी भी उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



