पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा नादिया जिले के हंसखली का दौरा करने के लिए एक समिति गठित करने के कदम की आलोचना की और दावा किया कि यह कदम केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जांच को प्रभावित करने के तहत उठाया गया है।
भाजपा जांच कमेटी का तृणमूल कांग्रेस ने किया विरोध
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने हंसखली में एक नाबालिग लड़की से कथित दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या के मामले की पड़ताल के लिए घटनास्थल का दौरा करने के वास्ते पार्टी की महिला सदस्यों की पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है।
तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता कुणाल घोष ने जानना चाहा कि क्या भाजपा ने इसी तरह की समिति उन मामलों में गठित की है जो भाजपा शासित राज्यों में घटित हुए हैं।
घोष ने कहा, ”बंगाल में जब भी ऐसी घटनाएं होती हैं तो वे (भाजपा) एक तथ्य अन्वेषण समिति बनाते हैं। इस समिति का उद्देश्य केंद्रीय एजेंसी के लिए दिशा-निर्देश निर्धारित करना है कि जांच कैसे की जानी चाहिए और राज्य सरकार पर आरोप कैसे लगाया जाएं।”
गौरतलब है कि नौवीं कक्षा की छात्रा से चार अप्रैल को आरोपी के घर पर एक जन्मदिन पार्टी में कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गयी थी। मामले में तृणमूल कांग्रेस के नेता के बेटे को गिरफ्तार किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



