राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में 12 साल बाद बड़ा परिवर्तन हुआ है। आरएसएस के नए सरकार्यवाह (महासचिव) पद पर दत्तात्रेय होसबोले का सर्वसम्मति से चयन हुआ है। वह पिछले 12 वर्ष से लगातार इस पद पर काम कर रहे सुरेश भैयाजी जोशी का स्थान लेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बेंगलुरु के जनसेवा विद्या केंद्र में चल रही अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में शनिवार को यह निर्णय लिया गया।
बेंगलुरु में 19 मार्च से अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक शुरू हुई थी, दूसरे दिन शनिवार को सरकार्यवाह पद पर चयन हुआ। दरअसल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा ही संघ निर्णय लेने वाली सर्वोच्च ईकाई है। हर वर्ष अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की मीटिंग होती है। संघ में हर तीन वर्ष पर सरकार्यवाह यानी महासचिव पद पर चयन होता है। वर्ष 2009 से लगातार सुरेश भैयाजी जोशी सरकार्यवाह की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
उन्हें 2018 की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की मीटिंग में एक और कार्यकाल मिला था। वर्ष 2018 से तीन साल बीत जाने के बाद 20 मार्च 2021 को हुए सर्वसम्मति से चुनाव में सुरेश भैयाजी जोशी की जगह दत्तात्रेय होसबोले को नया सरकार्यवाह चुना गया है। दत्तात्रेय होसबोले अभी तक संघ में सहसरकार्यवाह (ज्वाइंट जनरल सेक्रेटरी) की जिम्मेदारी देख रहे थे। अब सरकार्यवाह पद पर वह अगले तीन साल के लिए जिम्मेदारी संभालेंगे।


Download Android App
Download iOS App



