गंगा तपस्वी की अनदेखी से खफा स्वामी शिवानंद

Summary :

मातृसदन आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद सरस्वती ने कहा कि चुनाव में गंगा तपस्वी की अनदेखी करनी राजनीतिक पार्टियों को भारी पड़ेगी।

हरिद्वार : मातृसदन आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद सरस्वती ने कहा कि चुनाव में गंगा तपस्वी की अनदेखी करनी राजनीतिक पार्टियों को भारी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि गंगा की बातें करने वाले तो चुनाव में हरिद्वार आ रहे हैं, लेकिन हरिद्वार में गंगा रक्षा को तप कर रहे आश्रम के ब्रह्मचारी संत आत्मबोधानंद के तप को दरकिनार करके जा रहे हैं। जिसका दुष्परिणाम चुनाव परिणाम में देखने को मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में गंगा में जमकर अवैध खनन किया जा रहा है।

मातृसदन आश्रम में पत्रकार वार्ता में स्वामी शिवानंद सरस्वती ने कहा कि पूर्व प्रोफेसर ज्ञानस्वरूप सानंद की गंगा रक्षा मांगों को पूरा कराने के लिए युवा ब्रह्मचारी संत आत्मबोधानंद पांच महीने से तप कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंगा बचेगी तो धरती पर मानव का जीवन भी सुरक्षित होगा। परमाध्यक्ष ने कहा कि यहां गंगा को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करने वाले राजनीति लोग तो रोजाना चुनाव में गंगा के नाम पर वोट मांगने आ रहे हैं, लेकिन मातृसदन में गंगा रक्षा को तप पर बैठे संत की सुध कोई लेने के लिए नहीं आ रहा है।

उन्होंने कहा कि चुनाव में मां गंगा का सीना चीरकर जमकर खनन किया जा रहा है। रोक के बावजूद अवैध खनन और स्टोन क्रशर चलाए जा रहे हैं, लेकिन भ्रष्ट अधिकारी कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। ऐसे ही गंगा रक्षकों की अवहेलना होती रहेगी तो धर्मनगरी को फिर से किसी त्रासदी को झेलना पड़ेगा। उन्होंने हरिद्वार की जनता को इसके लिए आगाह करते हुए गंगा रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया, ताकि गंगा को बचाया जा सके।

Desk Team