भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई अपने पूर्व छात्र एवं गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन पर सोमवार की शाम को एक शोकसभा का आयोजन करेगा। अग्नाशय के कैंसर से पीड़ित पर्रिकर का रविवार की शाम को निधन हो गया था। संस्थान के एक प्रवक्ता ने बताया कि शोकसभा शाम पांच बजे यहां पी सी सक्सेना सभागार में होगी।
पर्रिकर ने 2017 में इस संस्थान के 55वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया था। इस दीक्षांत समारोह में मौजूद रहे एक पूर्व छात्र ने बताया कि मनोहर पर्रिकर ने संस्थान के छात्रों से राजनीति और सेना में जाने को भी कहा था। आईआईटी मुंबई ने अपने शोक संदेश में कहा कि पर्रिकर के निधन से आघात पहुंचा है।
गोवा में भाजपा के संकटमोचक थे मनोहर पर्रिकर !
इसने कहा, ”वह (पर्रिकर) संस्थान के एक उत्कृष्ट छात्र थे और आईआईटी-मुंबई की अनेक पहलों में शामिल थे। उन्होंने आईआईटी गोवा की शुरुआत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।” वर्ष 2014 में आईआईटी मुंबई के पूर्व छात्र दिवस समारोह में मनोहर पर्रिकर को देश के विकास में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया था। पर्रिकर ने 1978 में इस संस्थान से धातु अभियांत्रिकी में स्नातक किया था।


Download Android App
Download iOS App




