आईटी कंपनी के प्रबंधक का कार्यालय में घुसकर अपहरण

Summary :

पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए सर्विलांस के आधार पर घेराबंदी की लेकिन बदमाश दिल्ली के एम्स के सामने अपहृत मैनेजर को छोड़ कर भाग गए। 

जिले के थाना सेक्टर फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-63 में शुक्रवार रात करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश जबरन एक आईटी कंपनी के अंदर घुस गए और हथियारों के बल पर वहां काम कर रहे प्रबंधक का अपहरण कर लिया। पुलिस उपाधीक्षक पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि बदमाश कंपनी के प्रबंधक पारितोष गौतम को अपहरण के बाद ग्रेटर नोएडा, नोएडा व दिल्ली की सड़कों पर कार में घुमाते रहे।

बदमाशों ने उसकी कंपनी के मालिक को फोन करके 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। उन्होंने बताया कि कंपनी के मालिक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए सर्विलांस के आधार पर घेराबंदी की लेकिन बदमाश दिल्ली के एम्स के सामने अपहृत मैनेजर को छोड़ कर भाग गए।

सिंह ने बताया कि इस मामले में थाना फेस-3 में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस की 4 टीमें बदमाशों की तलाश में लगी हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि इस घटना में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद ही यह बात साफ हो पाएगी की मैनेजर का अपहरण क्यों किया गया था।

Desk Team