मुंबई में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश से रेल और परिवहन सेवाएं बाधित नहीं हुई।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई के लिए ‘ओरेंज अलर्ट’ जारी किया है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि शहर और उसके उपनगरों में सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है लेकिन हिंदमाता, माटुंगा और कुर्ला जैसे निचले इलाकों में भारी जलभराव की कोई खबर नहीं है। बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, आईएमडी ने शहर और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है तथा 45-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
बीएमसी ने बताया कि मुंबई में बुधवार को सुबह आठ बजे तक 24 घंटे की अवधि के दौरान 11.69 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में 17.95 मिमी. और 13.24 मिमी. बारिश दर्ज की गयी। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने कहा, ‘‘भारी बारिश के बावजूद पश्चिमी रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं सामान्य हैं।’’
मध्य रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि मध्य रेलवे मार्ग पर स्थानीय ट्रेन सेवाएं भी सामान्य चल रही हैं। इस मार्ग पर ट्रेन सेवाएं भारी बारिश के कारण रविवार और सोमवार को बाधित रही थीं। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) के प्रवक्ता ने बताया कि उसकी बसों का मार्ग परिवर्तित नहीं किया गया है और बसें सुचारू रूप से चल रही हैं।


Download Android App
Download iOS App



